धनबाद में बनेगा छह मंजिला आधुनिक पुलिस कॉम्प्लेक्स, पांच थाने होंगे एक ही परिसर में संचालित

धनबाद में बनेगा छह मंजिला आधुनिक पुलिस कॉम्प्लेक्स, पांच थाने होंगे एक ही परिसर में संचालित
धनबाद में बनेगा छह मंजिला आधुनिक पुलिस कॉम्प्लेक्स, पांच थाने होंगे एक ही परिसर में संचालित

धनबाद: शहर की पुलिस व्यवस्था को और अधिक आधुनिक एवं सुगम बनाने के लिए धनबाद में एक नए पुलिस कॉम्प्लेक्स के निर्माण की तैयारी शुरू हो गई है। प्रस्तावित भवन में धनबाद थाना, महिला थाना, हरिजन थाना, यातायात थाना और साइबर थाना को एक ही छत के नीचे संचालित किया जाएगा।

बुधवार को एसएसपी प्रभात कुमार ने सदर थाना परिसर का निरीक्षण कर निर्माण कार्य से जुड़े अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ परियोजना की समीक्षा की। वर्तमान में इसी परिसर में महिला थाना और यातायात थाना संचालित हैं।

जानकारी के अनुसार लगभग 17 करोड़ रुपये की लागत से ग्राउंड प्लस छह मंजिला (जी+6) आधुनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। परियोजना को पूरा करने में करीब डेढ़ वर्ष का समय लगने का अनुमान है।

एसएसपी ने बताया कि यह योजना पूर्व से प्रस्तावित थी, जिसे अब गति दी जा रही है। राज्य सरकार की ओर से आई तकनीकी टीम ने स्थल का निरीक्षण कर निर्माण संबंधी आवश्यक पहलुओं पर चर्चा की है।

नए पुलिस कॉम्प्लेक्स के बनने से विभिन्न थानों से संबंधित कार्यों के लिए लोगों को अलग-अलग स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने से प्रशासनिक कार्यों में भी सुविधा होगी।

उन्होंने यह भी बताया कि जिले के विभिन्न थाना परिसरों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों और फरियादियों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *