धनबाद: बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (बीबीएमकेयू) ने विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों की आगामी परीक्षाओं की तिथियों की घोषणा कर दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार स्नातकोत्तर, एमबीबीएस, वोकेशनल तथा विधि पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं जून और जुलाई माह में आयोजित की जाएंगी।
विश्वविद्यालय के परीक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार थर्ड प्रोफेशनल एमबीबीएस पार्ट-2 की लिखित परीक्षाएं 23 जून से शुरू होकर 13 जुलाई तक चलेंगी। इसके बाद प्रायोगिक एवं मौखिक परीक्षाओं का आयोजन 16 से 31 जुलाई के बीच किया जाएगा।स्नातकोत्तर (पीजी) चौथे सेमेस्टर के विद्यार्थियों की परीक्षाएं 6 जुलाई से 11 जुलाई तक आयोजित होंगी। वहीं शोध परियोजना एवं डिसर्टेशन से जुड़े कार्यों का मूल्यांकन 13 से 25 जुलाई के बीच किया जाएगा।
यूजी वोकेशनल पाठ्यक्रमों के पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं 29 जून से 7 जुलाई तक निर्धारित की गई हैं। इन पाठ्यक्रमों में बीबीए, बीसीए, बायोटेक्नोलॉजी और एनवायरनमेंटल साइंस के विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रायोगिक परीक्षाएं 9 से 14 जुलाई के बीच संबंधित संस्थानों में आयोजित की जाएंगी।
इसके अलावा बीबीए एलएलबी प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं भी 29 जून से 11 जुलाई तक संचालित होंगी। विश्वविद्यालय ने सभी परीक्षार्थियों से निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा संबंधी सभी नियमों का पालन करने की अपील की है।विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि परीक्षा संचालन को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

