11 घंटे की पूछताछ के बाद अभिषेक बनर्जी का बड़ा बयान, ‘गला काट देने से भी मैं नहीं झुकूंगा’

11 घंटे की पूछताछ के बाद अभिषेक बनर्जी का बड़ा बयान, ‘गला काट देने से भी मैं नहीं झुकूंगा’

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के राष्ट्रीय महासचिव और ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी 10 घंटे से ज्यादा समय बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ऑफिस से निकले। उन्हें सोमवार को प्राइमरी टीचर भर्ती भ्रष्टाचार मामले में बुलाया गया था। अभिषेक बनर्जी सुबह 11 बजे सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित ईडी ऑफिस पहुंचे थे। रात9.56 बजे बाहर निकले।

पूछताछ के बाद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि इस केस में जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया था उनमें से ज्यादातर लोगों को बेल मिल चुकी है। फिर भी उन्हें बुलाया जा रहा है। बीजेपी द्वारा उनकी पार्टी तोड़ने की कोशिश की जा रही है।

अभिषेक बनर्जी ने कहा, “कल भी मुझसे 8 से 8.30 घंटे पूछताछ हुई थी और आज फिर 11 घंटे पूछताछ की गई। यह केस साल 2023 का है और मैं अब तक 10 से 12 बार एजेंसी के सामने हाजिर हो चुका हूं। इस मामले में राजनीतिक दबाव है या नहीं, यह मैं नहीं कहूंगा, लेकिन भाजपा के बारे में जितना कम कहा जाए, उतना ही अच्छा है।”

“गला काट देने से भी मैं नहीं झुकूंगा”

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए आगे कहा, “एक तरफ वे लोग पार्टी तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ चुनाव के बाद हिंसा की। मेरा गला काट देने से भी मैं नहीं झुकूंगा।” सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, “जितने लोगों को गिरफ्तार किया गया था, सभी निकल गए, लेकिन कुछ नहीं हुआ। हम चाहते थे कि निष्पक्षता से सभी को नौकरी मिले। आगे भी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा, तो पहुंचेंगे।”

आपको बता दें कि ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस पूरी पूछताछ प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जा रही है। पूछताछ के दौरान बनर्जी के बयानों को सत्यापित किया जाएगा और इस मामले में पहले गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों के साक्ष्यों व बयानों से उनका मिलान किया जाएगा।

ईडी अधिकारी के अनुसार, “हमारा पूरा ध्यान धन के लेन-देन की पूरी कड़ियों को जोड़ने पर है। हम यह पता लगा रहे हैं कि इस अकूत धन का प्रबंधन किसने किया, इसे विभिन्न बैंक खातों और फर्जी संस्थाओं के माध्यम से कैसे ट्रांसफर किया गया, और क्या इसके असली स्रोत को छिपाने के लिए लेन-देन को कई स्तरों से गुजारा गया था।”

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *