स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में सख्त हुए डीडीसी, बजट खर्च और ममता वाहन संचालन पर दिए अहम निर्देश

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में सख्त हुए डीडीसी, बजट खर्च और ममता वाहन संचालन पर दिए अहम निर्देश

धनबाद: उप विकास आयुक्त (डीडीसी) श्री सन्नी राज की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों के कार्यों, उपलब्ध बजट तथा व्यय की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य संस्थानों को आवंटित राशि के उपयोग, विभिन्न मदों में किए गए खर्च तथा लंबित व्यय विवरणियों पर विस्तार से चर्चा हुई। डीडीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध बजट का समयबद्ध एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने व्यय से संबंधित अद्यतन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने तथा वित्तीय प्रबंधन में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

समीक्षा बैठक में ममता वाहन सेवा के संचालन पर भी चर्चा की गई। डीडीसी ने कहा कि ममता वाहन संचालन में रुचि रखने वाले व्यक्ति, संस्था अथवा वाहन संचालक अपने क्षेत्र के चिकित्सा पदाधिकारी प्रभारी (MOIC) से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी MOIC को सेवा के सुचारू संचालन एवं अधिक से अधिक इच्छुक संचालकों को जोड़ने के लिए आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया।

बैठक में सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। डीडीसी ने स्वास्थ्य संस्थानों से प्राप्त व्यय विवरणियों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सरकारी संसाधनों का सही उपयोग और योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *