धनबाद: महुदा-तलगड़िया रेलखंड के बारकी सिंहडीह रेलवे पुल पर सोमवार तड़के एक प्रेमी युगल के ट्रेन के आगे कूदने की घटना सामने आई है। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। मृतक की पहचान बोकारो जिले के चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के डूमरदाहा गांव निवासी रथु देशवाली के 19 वर्षीय पुत्र श्रीकांत देशवाली के रूप में हुई है। वहीं घायल युवती धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र के कोटालडीह-ब्राह्मणडीहा निवासी टिपन रजवार की 20 वर्षीय पुत्री सरस्वती कुमारी है।
सुबह चार बजे हुई घटना
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब चार बजे बारकी सिंहडीह रेलवे पुल पर दोनों ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। इस घटना में श्रीकांत देशवाली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सरस्वती कुमारी के दोनों पैर टूट गए और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही महुदा आरपीएफ इंस्पेक्टर कुमार राजीव, महुदा थाना प्रभारी पवन चंद्र पाठक तथा चास मुफ्फसिल थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। घायल युवती को तत्काल इलाज के लिए धनबाद भेजा गया, जबकि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया।
तीन माह पहले हुई थी पंचायत
स्थानीय जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध था। करीब तीन माह पहले उनके संबंधों को लेकर पंचायत भी हुई थी। उस दौरान दोनों को एक-दूसरे से नहीं मिलने की हिदायत दी गई थी। बताया जाता है कि श्रीकांत देशवाली चास-तलगड़िया मुख्य मार्ग स्थित बिजुलिया मार्केट की एक दुकान में काम करता था। रविवार शाम दुकान बंद करने के बाद वह अपने घर गया था। घटना में शामिल ट्रेन की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
रेल परिचालन भी हुआ प्रभावित
घटना के कारण महुदा-तलगड़िया रेलखंड पर कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित रहा। पुरी से आनंद विहार जाने वाली 12819 उड़ीसा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस तलगड़िया स्टेशन पर करीब दो घंटे 19 मिनट तक खड़ी रही। रेलवे ट्रैक से शव हटाने और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुबह करीब सात बजे परिचालन सामान्य किया गया।
युवती रविवार से थी लापता, जांच में जुटी पुलिस
मृतक के पिता रथु देशवाली ने बताया कि दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे। वहीं युवती के पिता टिपन रजवार के अनुसार उनकी बेटी रविवार से घर से लापता थी। रातभर खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह आरपीएफ से सूचना मिली कि उनकी बेटी एसएनएमएमसीएच में भर्ती है। फिलहाल महुदा पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि घायल युवती के बयान के बाद घटना के कारणों और परिस्थितियों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

