धनबाद: इंडियन रिपोर्टर्स एसोसिएशन (IRA) द्वारा शनिवार को धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार को उनके उत्कृष्ट कार्यों और प्रभावी प्रशासनिक नेतृत्व के लिए सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का आयोजन SSP कार्यालय में किया गया, जहां एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष एम. अली ने उन्हें शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।एसोसिएशन की ओर से बताया गया कि प्रभात कुमार ने धनबाद में अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण तथा संगठित अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पिछले एक वर्ष में उनके नेतृत्व में कई
उल्लेखनीय पहलें की गई हैं, जिनसे आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है। इसके अलावा शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और पुलिस तथा आम जनता के बीच विश्वास बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों की भी सराहना की गई। इंडियन रिपोर्टर्स एसोसिएशन ने इन्हीं उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया।सम्मान प्राप्त करने के बाद SSP प्रभात कुमार ने संगठन के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा।
उन्होंने इंडियन रिपोर्टर्स एसोसिएशन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए संगठन से जुड़े सभी पत्रकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर इंडियन रिपोर्टर्स एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष एम. अली के अलावा नीरज कुमार, अनिल पांडे, रवि कुमार सहित कई पत्रकार और संगठन के पदाधिकारी उपस्थित थे।

