यूपी(UP) : यूपी के बुलंदशहर के खुर्जा जंक्शन थाना क्षेत्र के कलंदरगढ़ी गांव में रविवार की दोपहर ऐसा खूनी मंजर सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दंग कर दिया। घर में बकरीद की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इसी घर में कुछ देर बाद गोलियों की आवाज गूंजी और दो जिंदगियां सदा के लिये खामोश हो गईं। पुलिस के अनुसार, मोमिन नामक युवक ने अपने पिता रियाजुद्दीन और पत्नी सना को गोली मार दी। बताया गया कि बेटे को अपने पिता और पत्नी के बीच अवैध संबंध होने का शक था, जिसे लेकर घर में लंबे समय से विवाद चल रहा था। बीते रविवार को पंचायत भी हुई, लेकिन कुछ घंटे बाद मामला खूनी मोड़ पर पहुंच गया।
रिश्तेदारों के जाने के बाद बढ़ा विवाद
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दोनों परिवारों के लोग घर में इकट्ठा हुये थे। करीब 30-40 रिश्तेदारों की मौजूदगी में पंचायत हुई और दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की गई। इसी दौरान मोमिन ने पिता के साथ मारपीट भी की थी। पंचायत खत्म होने के बाद रिश्तेदार अपने-अपने घर लौट गये। लेकिन घर के अंदर तनाव खत्म नहीं हुआ। पुलिस के मुताबिक, इसी के बाद गुस्से में मोमिन ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल उठाई और पहले ऊपर कमरे में जाकर पिता के सीने में गोली मार दी। फिर नीचे आकर पत्नी सना के सिर में गोली मार दी।
गोली चलने के बाद मचा कोहराम
गोली लगते ही दोनों खून से लथपथ होकर गिर पड़े। रियाजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर हालत में सना को अस्पताल ले जाया गया। बाद में इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
मां की मौत, पिता जेल की राह
इस घटना की सबसे दर्दनाक तस्वीर एक 14 दिन के मासूम बच्चे की है। सना ने 10 मई को बेटे को जन्म दिया था। परिवार ने उसका नाम अब्बास रखा था। लेकिन जिंदगी शुरू होते ही मासूम के सिर से मां का साया उठ गया और अब उसका पिता भी सलाखों के पीछे भेजने की तैयारी हो रही थी। इधर, सना के मायके वालों ने अवैध संबंधों की बात को गलत और झूठ बताया। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज को लेकर सना को प्रताड़ित करता था और रविवार को भी इसी मुद्दे पर पंचायत हुई थी। परिजनों का कहना है कि दहेज के लिये सना की हत्या की गई। पुलिस ने संदेही गुनहगार पति को अपनी कस्टडी में ले लिया है। हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली गई है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाये हैं और CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

