सिंदरी(SINDRI): आगामी बकरीद ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने को लेकर सिंदरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सर्किल इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी राजेश कुमार ने की। बैठक में विभिन्न वार्डो के जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और दोनों समुदायों के गणमान्य लोग शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और अमन का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। साथ ही चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस की साइबर सेल लगातार निगरानी कर रही है।
प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई कि कुर्बानी के दौरान सरकारी नियमों और गाइडलाइंस का पालन करें तथा सार्वजनिक स्थलों पर ऐसी कोई गतिविधि न करें जिससे किसी की भावनाएं आहत हों। त्योहार के दौरान साफ-सफाई बनाए रखने और गंदगी नहीं फैलाने पर भी विशेष जोर दिया गया।
बैठक में मौजूद स्थानीय वार्ड समिति सदस्यों और प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि सिंदरी क्षेत्र में हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब कायम रही है और इस बार भी सभी समुदाय मिलजुल कर शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएंगे।
प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और गश्त बढ़ाने की बात भी कही। बैठक में प्रशासन की ओर से परभुदान कुजुर ,विनोद टोप्पो, संजीव कुमार तिवारी शेषनाथ सिंह, शांति समिति के सदस्य, महेंद्र पांडे पूर्व पार्षद दिनेश सिंह , पार्षद धीरज सिंह,सपन कुमार सरकार मनोज मिश्रा विजय कुमार सिंह जितेंद्र शर्मा, रविन्द्र ,मो० मुस्तफा,सुरेश प्रसाद, शैलेन्द्र द्विवेदी,पवन ओझा,अजय सिंह,बृजेश सिंह विभिन्न अखाड़ों और कमेटियों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

