धनबाद(DHANBAD): जिले के सभी निजी हॉस्पिटल, क्लिनिक, नर्सिंग होम का शत प्रतिशत रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन के निर्देश पर समाहरणालय के सभागार में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, एमओआईसी एवं पुलिस पदाधिकारियों को क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट 2010 के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
इस अवसर पर रांची से आए क्लिनिकल कंसलटेंट श्री मुकेश कुमार ने पंजीकरण प्रक्रिया, कानूनी आवश्यकताएँ, निरीक्षण और अनुपालन पर विस्तृत प्रकाश डाला।
इस अवसर पर अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने कहा कि जिले के सभी हॉस्पिटल, क्लिनिक, नर्सिंग होम में क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराना है। लाइसेंस की वैधता समाप्त होने से पूर्व संस्थान को सूचित भी करना है।
उन्होंने कहा कि संस्थान के प्रमुख स्थान पर पंजीकरण प्रमाण पत्र, फायर सेफ्टी उपकरण, डॉक्टरों और कर्मचारियों की सूची, सेवाओं और प्रक्रियाओं की दर सूची, उपलब्ध सेवाएं, सुविधाएं और बेड की संख्या, नागरिक चार्टर और रोगी अधिकार, शिकायत निवारण संपर्क विवरणी, आपातकालीन संपर्क नंबर, उपलब्ध दवाओं की सूची, बायो मेडिकल वेस्ट और सुरक्षा अनुपालन संबंधी जानकारी स्पष्ट रूप से लिखी होनी चाहिए।
कहा कि नियमों का पालन न करने पर संस्थान को नोटिस जारी करें। नियमों का लगातार उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाए। गंभीर उल्लंघनों के मामले में प्रतिष्ठान को सील करने की कार्रवाई करें।
अनुमंडल दंडाधिकारी ने विशेष रूप से मेडिकल स्टोर के आसपास के क्लिनिको के लाइसेंस की जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रखंड स्तर पर भी क्लिनिकों के लाइसेंस की जांच करने का निर्देश दिया।
कहा कि एक्ट के अनुपालन के लिए सर्वोत्तम अभ्यास है कि संस्थान लाइसेंस की समय सीमा समाप्त होने से पहले उसका नवीनीकरण करें। कर्मचारियों और उपकरणों से संबंधित अद्यतन रिकॉर्ड रखें। नियमित इंटर्नल ऑडिट करें। मरीजों की सुरक्षा और संक्रमण पर नियंत्रण सुनिश्चित करें। कर्मचारियों को नियमों और आवश्यकताओं का प्रशिक्षण दें। पारदर्शी बिलिंग और शिकायत निवारण प्रणाली बनाए रखें।
प्रशिक्षण में अनुमंडल दंडाधिकारी श्री लोकेश बारंगे, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सचिव डॉक्टर इंदर सिंह नामधारी, डीआरसीएचओ डॉ रोहित गौतम, डीपीएम श्रीमती प्रतिमा कुमारी, आयुष पदाधिकारी कुमकुम कुमारी, डिस्ट्रिक्ट डाटा मैनेजर सीमा कुमारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, सभी एमओआईसी, विभिन्न थाना प्रभारी सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी मौजूद थे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

