रांची(RANCHI): झारखंड में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे लोगों को तेज धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि कुछ इलाकों में दोपहर बाद आंधी, तेज हवा और हल्की बारिश से थोड़ी राहत भी मिल रही है।
बुधवार को गढ़वा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पलामू में 43.4 डिग्री, जमशेदपुर में 41.8 डिग्री, बोकारो में 41.2 डिग्री, सरायकेला में 41.1 डिग्री और चाईबासा में 40.9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं रामगढ़ का पारा भी 40 डिग्री तक पहुंच गया।
राजधानी में दिनभर तेज धूप और उमस से लोग बेहाल रहे। यहां अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गर्जन के साथ हल्की बारिश हुई। सबसे अधिक 606 मिलीमीटर बारिश सरायकेला में रिकॉर्ड की गई। विभाग ने आने वाले दिनों में भी गर्मी, उमस, तेज हवा और बारिश का मिला-जुला असर जारी रहने की संभावना जताई है।
21 मई को गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह और बोकारो जिलों में आंधी और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं 23 से 25 मई तक गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, पाकुड़, देवघर, जामताड़ा, धनबाद, गिरिडीह, बोकारो, रामगढ़, कोडरमा और हजारीबाग में भी आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा लोहरदगा, गुमला, खूंटी और रांची में भी तेज हवा चलने के आसार हैं।
NEWSANP के लिए रांची से ब्यूरो रिपोर्ट

