धनबाद/गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह में सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सेंट्रल जीएसटी विभाग के एक अधीक्षक और एक निरीक्षक को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों अधिकारियों पर एक व्यवसायी से इनपुट टैक्स क्रेडिट में विसंगति दूर करने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, गिरिडीह के बिरनी प्रखंड निवासी व्यवसायी राजू अंसारी पिछले तीन वर्षों से जीएसटी बिल से जुड़े मामले में परेशान थे। इसी बीच उन्हें 90 लाख रुपये के बिल भुगतान से संबंधित नोटिस मिला। मामले के समाधान के लिए जब उन्होंने विभागीय अधिकारियों से संपर्क किया, तो कथित तौर पर उनसे 90 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई। बाद में सौदा 65 हजार रुपये में तय हुआ।
पीड़ित ने इस पूरे मामले की शिकायत भाकपा माले नेता राजेश सिन्हा को दी, जिसके बाद सीबीआई से संपर्क किया गया। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने पर सीबीआई ने जाल बिछाया।
बुधवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने 50 हजार रुपये की पहली किस्त अधिकारियों को सौंपी, पहले से मौजूद सीबीआई टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जीएसटी अधीक्षक बुद्धेश्वर सुंडी और इंस्पेक्टर बिरजू कुमार को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद सीबीआई ने गिरिडीह स्थित जीएसटी कार्यालय में देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कंप्यूटर हार्ड डिस्क की जांच की गई। साथ ही बिहार के नालंदा और झारखंड के जमशेदपुर स्थित आरोपियों के ठिकानों पर भी छापेमारी की गई।
सीबीआई अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों को धनबाद ले जाकर पूछताछ की जा रही है और गुरुवार को उन्हें सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा।
NEWSANP के लिए धनबाद/गिरिडीह से ब्यूरो रिपोर्ट

