सिंदरी(SINDRI): Hindustan Urvarak & Rasayan Limited (HURL) के निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत दिनांक 19.05.2026 को स्पंदन क्लब, सिंदरी (झारखंड) में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण हेतु सहायक उपकरणों का वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री ढुल्लू महतो, माननीय सांसद, धनबाद द्वारा किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. सिबा प्रसाद मोहंती (प्रबंध निदेशक, HURL), श्री चंद्रदेव महतो (माननीय विधायक, सिंदरी), श्री गौतम माझी (बिज़नेस यूनिट हेड, HURL सिंदरी), श्री विक्रांत कुमार (HR एवं CSR प्रमुख, HURL सिंदरी), श्री सुनील उनियाल (प्रबंधक CSR), श्री आकाश (उप-प्रबंधक CSR), श्री प्रतीक कुमार सिंह (उप-प्रबंधक CSR), CDPO झरिया-बलियापुर ब्लॉक, तथा ALIMCO रांची के अधिकारी श्री तरूण कुमार एवं श्री संजय मंडल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने दिव्यांगजनों के सम्मान, सशक्तिकरण एवं समान अवसर उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में समावेशी विकास को बढ़ावा देते हैं।
यह आयोजन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (ALIMCO) के सहयोग से संपन्न हुआ।
इससे पूर्व आयोजित परीक्षण शिविरों (16–29 दिसंबर 2025 एवं 25–28 जनवरी 2026) में कुल 399 लाभार्थियों का चयन किया गया था। इन लाभार्थियों को लगभग ₹1.01 करोड़ मूल्य के कुल 1065 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनमें बैटरी चालित ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, बैसाखी, व्हीलचेयर, रोलेटर, कृत्रिम अंग सहित विभिन्न आवश्यक उपकरण शामिल हैं।
इस पहल के माध्यम से लाभार्थियों के जीवन में आत्मनिर्भरता, गतिशीलता और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

