दो से तीन दशक पुराने मामलों में चलेगा ट्रायल
धनबाद(DHANBAD ): धनबाद के विभिन्न थानों में वर्षों से कई ऐसे मामले लंबित पड़े है जिसमे चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन किसी न किसी कारणवश अब तक न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किया जा सका था। इनमें कुछ मामले ऐसे भी सामने आए जो करीब 20 से 30 वर्ष पुराने बताए जा रहे हैं। लंबे समय से न्यायालय में चार्जशीट दाखिल नहीं होने के कारण इन मामलों में ट्रायल शुरू नहीं हो पा रहा था, जिससे न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही थी और पीड़ित पक्ष को न्याय मिलने में लगातार देरी हो रही थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने पुराने मामलों की विशेष समीक्षा कर ऐसे मुकदमों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द कोर्ट मे चार्जशीट/ अंतिम प्रतिवेदन जमा करने का निर्देश दिया है। इसके बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया जिसका उद्देश्य विभिन्न थानों में वर्षों से पड़े मामलों की फाइलों की समीक्षा कर जल्द से जल्द चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में प्रस्तुत करना है।
इस विशेष टीम का नेतृत्व अभियोजन शाखा प्रभारी मुकेश चौधरी द्वारा किया जा रहा है, जबकि इसकी निगरानी डीएसपी मुख्यालय-2 श्री धीरेन्द्र नारायण बंका कर रहे हैं। टीम द्वारा विभिन्न थानों की फाइलों की समीक्षा कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और तेजी से चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन जमा करने की प्रक्रिया शुरु की गई।
एसएसपी के निर्देशानुसार विशेष अभियान के तहत मई माह के प्रथम पखवारे मे जिले के विभिन्न थानों में कई वर्षों एवं दशकों से लंबित पड़े कुल 687 कांडों का चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन माननीय न्यायालय में जमा कराया गया। इतने बड़े पैमाने पर पुराने मामलों में चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन कोर्ट मे प्रस्तुत करंव को धनबाद पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
बताया जा रहा है कि कई मामलों में अनुसंधान पूरा होने के बावजूद तकनीकी, प्रशासनिक अथवा अन्य कारणों से चार्जशीट वर्षों तक न्यायालय में जमा नहीं हो सकी थी। वहीं कुछ मामलों में दस्तावेजों के सत्यापन, केस डायरी के संकलन तथा अन्य प्रक्रियात्मक कारणों से भी देरी हुई थी। विशेष टीम द्वारा ऐसे सभी मामलों की अलग-अलग समीक्षा कर आवश्यक कमियों को दूर किया गया और तत्परता के साथ उन्हें कोर्ट भेजा गया।
एसएसपी प्रभात कुमार का कहना है कि पुराने मामलों मे चार्जशीट दाखिल होने के बाद अब माननीय न्यायालय द्वारा इन मामलों में ट्रायल शुरू किया जा सकेगा। इससे न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी और मामलों के निष्पादन में वर्षों से चली आ रही देरी कम होगी। साथ ही दोषियों के खिलाफ सजा तय करने की प्रक्रिया भी तेज हो सकेगी।
एसएसपी ने बताया कि कई ऐसे मामले थे जिनकी चार्जशीट विभिन्न कारणों से वर्षों तक न्यायालय में जमा नहीं हो सकी थी। अब उन मामलों को चिन्हित कर तेजी से चार्जशीट जमा किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले पखवारे में 687 मुकदमों का चार्जशीट अथवा अंतिम प्रतिवेदन न्यायालय में जमा किया जाना इस विशेष मुहीम का महत्वपूर्ण परिणाम है। इससे मामलों की सुनवाई में तेजी आएगी और न्यायालय द्वारा जल्द ट्रायल शुरू किए जाने का मार्ग प्रशस्त होगा।
एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आने वाले दिनों में अन्य पुराने एवं लंबित मामले जिसमे अभी तक चार्जशीट/ अंतिम प्रतिवेदन समर्पित नहीं किया गया है जल्द ही समीक्षा कर उन्हें शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा ताकि वर्षों से लंबित मामलों में तेजी से सुनवाई हो सके और पीड़ित पक्ष को समय पर न्याय मिल सके।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

