धनबाद(DHANBAD): धनबाद के केंदुआडीह थाना क्षेत्र स्थित कुसुंडा के गोधर इलाके में सोमवार दोपहर अचानक हुए भू-धसान से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना करीब तीन बजे 6 नंबर क्षेत्र सब-स्टेशन के पीछे हुई, जहां तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई और एक बड़ा गोफ बन गया।
भू-धसान के कारण आसपास के तीन घरों में दरारें आ गईं, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक तेज आवाज हुई और देखते ही देखते जमीन धंसने लगी। घटना के बाद इलाके में गैस रिसाव जैसी स्थिति भी महसूस की गई, जिससे लोगों में और ज्यादा भय का माहौल बन गया।
घटना के तुरंत बाद कई परिवार अपने घरों से जरूरी सामान लेकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। सूचना मिलने पर केंदुआडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों ने इस घटना के लिए Bharat Coking Coal Limited यानी बीसीसीएल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि गोधर क्षेत्र में पहले भी कई बार भू-धसान की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
घटना के बाद बीसीसीएल प्रबंधन ने पूरे इलाके को डेंजर जोन घोषित कर दिया है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, गोधर क्षेत्र में करीब 250 परिवार रहते हैं और लगातार हो रहे भू-धसान से उनकी जान हमेशा खतरे में बनी रहती है।
पीड़ित शिवानंद पासवान और पार्वती देवी समेत कई लोगों ने प्रशासन और बीसीसीएल से सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास और आवास की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।
NEWSANP के लिए धनबाद से ब्यूरो रिपोर्ट

