जनगणना 2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ..डिजिटल माध्यम से घर-घर होगा आंकड़ों का संकलन…

जनगणना 2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ..डिजिटल माध्यम से घर-घर होगा आंकड़ों का संकलन…

धनबाद(DHANBAD): झारखंड राज्य में जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” कार्यक्रम के अंतर्गत आज जिले में इस महत्वपूर्ण कार्य का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

इसकी जानकारी देते हुए प्रधान जनगणना पदाधिकारी सह उपायुक्त श्री आदित्य रंजन ने बताया कि आज से 14 जून तक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर एचएलओ ऐप के माध्यम से परिवारों का विवरण डिजिटल रूप में संकलित करेंगे। इसी क्रम में आज धनबाद जिले के ग्रामीण क्षेत्र के दस चार्ज केंद्रों एवं एक शहरी क्षेत्र में कार्यक्रम की शुरुआत की गई।

प्रथम दिन सभी पर्यवेक्षकों द्वारा अपने-अपने सुपरवाइजरी सर्कल अंतर्गत आने वाले हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) का भौतिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान प्रगणकों को नजरी नक्शा तैयार करने, क्षेत्रीय सीमाओं की पहचान करने तथा भवनों एवं जनगणना मकानों की स्थिति से अवगत होने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रारंभिक तीन दिनों तक प्रगणक क्षेत्र भ्रमण कर संबंधित एचएलबी का नजरी नक्शा तैयार करेंगे, जिसके उपरांत घर-घर जाकर एचएलओ ऐप में निर्धारित प्रश्नों के आधार पर जानकारी संकलित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी के बावजूद पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों ने फील्ड में उतरकर अपने-अपने क्षेत्रों का मुआयना किया तथा धरातल पर कार्य निष्पादन की प्रक्रिया को समझते हुए आगामी कार्ययोजना तैयार की। यह जनगणना कार्य न केवल प्रशासनिक दायित्व है, बल्कि राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है।

इसी क्रम में धनबाद जिले के एगारकुण्ड चार्ज में चार्ज पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रीमती मधु कुमारी द्वारा जनजागरूकता हेतु अभिनव पहल करते हुए ई-रिक्शा पर जनगणना गीत के साथ जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया।

जनगणना रथ में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के माध्यम से आमजन को जनगणना 2027 के प्रथम चरण के संबंध में जानकारी दी गई तथा लोगों को इस राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रेरित किया गया।

उन्होंने बताया कि चूँकि देश में पहली बार डिजिटल माध्यम से जनगणना का कार्य संपादित किया जा रहा है, इसलिए एचएलओ ऐप से संबंधित तकनीकी एवं व्यवहारिक समस्याओं के समाधान हेतु जिला जनगणना कोषांग लगातार सक्रिय है। इसके राज्यस्तरीय प्रशिक्षक पुष्कर चंद्र झा एवं जिले के फील्ड ट्रेनर कुलदीप, नीरज कुमार प्रसाद एवं घनश्याम दुबे द्वारा दूरभाष के माध्यम से प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है, ताकि सभी आवंटित एचएलबी में जनगणना कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

इस कार्य में जिला सांख्यिकी पदाधिकारी उमेश कुमार लोहरा के नेतृत्व एवं सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी राजीव कुमार के प्रशासनिक अनुभवों का महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त हो रहा है। वहीं जिला जनगणना पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विनोद कुमार द्वारा समय-समय पर अधीनस्थ चार्ज पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए जा रहे हैं। वहीं जिला प्रशासन जनगणना 2027 को सफलतापूर्वक धरातल तक पहुँचाने हेतु निरंतर सक्रिय एवं प्रतिबद्ध है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *