DESK: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायेद अल नाहयान से मुलाकात कर भारत-यूएई संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच पीएम मोदी ने कहा कि भारत हर परिस्थिति में यूएई के साथ मजबूती से खड़ा है।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई को अपना “दूसरा घर” बताते हुए वहां मिले सम्मान और स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि भारत और यूएई के बीच भरोसा, दोस्ती और रणनीतिक सहयोग लगातार नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहा है। पीएम मोदी ने यूएई वायु सेना द्वारा दिए गए विशेष एस्कॉर्ट को भी भारत के सम्मान से जोड़ते हुए सराहा।
दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा, व्यापार, ऊर्जा और रणनीतिक साझेदारी समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए संवाद और सहयोग को जरूरी बताया।
भारत ने एक बार फिर स्पष्ट किया कि खाड़ी क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता उसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है। खासतौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों की सुरक्षा पर भारत लगातार नजर बनाए हुए है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

