झारखंड(JHARKHAND): झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के घने जंगलों में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन ने टोंटो के रूटुगुटू जंगल में मुठभेड़ के दौरान एक लाख रुपये के इनामी नक्सली इसराइल पूर्ति उर्फ अमृत को मार गिराया।
बताया जा रहा है कि इसराइल पूर्ति सागेन दस्ते का सक्रिय सदस्य था और लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी। वह नक्सलियों के लिए रसद और खुफिया जानकारी जुटाने के साथ-साथ दस्ते को सुरक्षित रास्ता दिखाने में माहिर माना जाता था।
यह कार्रवाई उस समय तेज हुई जब 24 अप्रैल को नक्सलियों ने गोइलकेरा के दुगुनिया गांव में पुलिस मुखबिरी के शक में पूर्व नक्सली रमेश चांपिया की हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
बुधवार तड़के करीब 45 मिनट तक चली मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने इसराइल पूर्ति को मार गिराया, जबकि उसके अन्य साथी घने जंगलों का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से हथियार और नक्सली सामग्री भी बरामद की गई है।
एसपी अमित रेणु के अनुसार, कोल्हान के जंगलों में अब भी 20 से 30 नक्सलियों का दस्ता सक्रिय है, जिसे पकड़ने के लिए व्यापक अभियान जारी है। सैकड़ों जवान इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चला रहे हैं।
इस कार्रवाई को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है, हालांकि इलाके में अभी भी खतरा बरकरार है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

