10 सर्कुलर रोड खाली कर रहीं राबड़ी देवी, सरकारी सामानों के मिलान पर दिया जोर

10 सर्कुलर रोड खाली कर रहीं राबड़ी देवी, सरकारी सामानों के मिलान पर दिया जोर

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी बंगला खाली करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बंगले से सामान भी हटाया जा रहा है। इस बीच उन्होंने भवन निर्माण विभाग से आवास का चार्ज रजिस्टर और सरकारी सामानों की पूरी सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।राबड़ी देवी के सहायक ने इस संबंध में विभाग को पत्र लिखकर कहा है कि बंगला खाली करने से पहले सरकारी सामानों का सही मिलान होना जरूरी है, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी या विवाद की स्थिति न बने।

भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न पैदा हो-राबड़ी देवी

राबड़ी देवी ने पत्र में कहा है कि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद और भ्रम की स्थिति न पैदा हो, इसलिए सभी सरकारी सामानों का विवरण उन्हें उपलब्ध कराया जाए। जानकारों की मानें, तो राबड़ी देवी की ओर से ये कदम इसलिए उठाया गया है, ताकि आवास खाली करने के बाद किसी सामान को अपने साथ ले जाने का विवाद शुरू न हो जाए। ध्यान रहे कि 10 सर्कुलर रोड खाली करने के लिए विभाग ने राबड़ी देवी को चौथा नोटिस जारी कर दिया है। उन्हें 29 जून तक आवास खाली करने का समय दिया गया है।

सरकारी सामान की सूची उपलब्ध कराने की मांग

राबड़ी देवी की ओर से भवन निर्माण विभाग को भेजे गए पत्र में ये कहा गया है कि 39 हार्डिंग रोड स्थित नए सरकारी आवास में निर्माण कार्य पूरा होने की आधिकारिक सूचना अब तक नहीं प्राप्त हुई है। इसके बाद भी विभाग को सूचित किया गया है कि 10 सर्कुलर रोड सरकारी आवास को जल्द खाली कर दिया जाएगा।

बता दें कि इस बीच बंगला लगातार खाली हो रहा है। सीसीटीवी हटाए जा रहे हैं। परिसर के अंदर और बाहर लगे हुए सभी कैमरे हटा दिए गए हैं। सामानों की पैकिंग लगातार जारी है। अब ये देखना होगा कि लालू परिवार 39 हार्डिंग रोड में कब शिफ्ट हो रहा है। वहीं बता दें इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं जारी हुई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *