होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा सख्ती और पारदर्शिता के साथ दूसरे दिन शुरू…

होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा सख्ती और पारदर्शिता के साथ दूसरे दिन शुरू…

धनबाद(DHANBAD): राज्य सरकार के निर्देश और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के संकल्प के तहत जिले में होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा यानी पीईटी पूरी सख्ती और पारदर्शिता के साथ शुरू हो गई है। इस भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए धनबाद जिला प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

धनबाद के बिरसा मुंडा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस परीक्षा की निगरानी स्वयं उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन समेत जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी कर रहे हैं। परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और अभ्यर्थियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।

प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक गैजेट लेकर प्रवेश नहीं करेगा। ऐसा करते पाए जाने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा की निगरानी के लिए हाईटेक व्यवस्था अपनाई गई है। केंद्र के हर कोने पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही दौड़ और अन्य शारीरिक परीक्षणों की लगातार वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे।

फर्जीवाड़े पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभ्यर्थियों का बायोमेट्रिक सत्यापन और आधार वेरिफिकेशन किया जा रहा है। इससे केवल वास्तविक उम्मीदवारों को ही परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मिल रही है।

तकनीक का बेहतर उपयोग करते हुए दौड़ के समय को मापने के लिए आरएफआईडी यानी रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन चिप का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे परिणाम पूरी तरह सटीक और त्रुटिरहित बनाए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन का कहना है कि पूरी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और विवाद रहित बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं अभ्यर्थियों से भी अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और निष्पक्ष प्रक्रिया में सहयोग करें।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *