हीरापुर में छिनतई की कोशिश नाकाम, लोगों ने दो युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंपा…

हीरापुर में छिनतई की कोशिश नाकाम, लोगों ने दो युवकों को पकड़कर पुलिस को सौंपा…

धनबाद(DHANBAD): शहर के हीरापुर स्थित सदर थाना क्षेत्र के भिस्तीपाड़ा स्थित एचई स्कूल के समीप मंगलवार को छिनतई की एक कोशिश स्थानीय लोगों की सतर्कता से विफल हो गई। दो युवकों ने एक व्यक्ति से 10 हजार रुपये छीनकर भागने का प्रयास किया, लेकिन शोर मचते ही आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया।

भुक्तभोगी राजेश हांडी ने बताया कि वह स्कूल रोड से होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान वह एक दुकान पर सामान खरीदने के लिए रुके और जेब से पैसे निकाल रहे थे। तभी पीछे से आए दो युवकों ने अचानक उनके हाथ से 10 हजार रुपये छीन लिए और भागने की कोशिश करने लगे। शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने पीछा कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। भीड़ बढ़ते देख दोनों आरोपियों ने छीने गए रुपये वापस कर दिए। इसके बाद गुस्साए लोगों ने दोनों की पिटाई कर दी। पकड़े गए दोनों युवक कतरास के छाताटांड़ इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में लेकर अपने साथ थाना ले गई। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने मामले पर फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार किया है। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि हीरापुर और आसपास के इलाकों में इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *