धनबाद(DHANBAD): धनबाद में नागरिक एकता मंच ने अपनी तीन सूत्री मांगों को लेकर रणधीर वर्मा चौक पर धरना प्रदर्शन किया। धरना में शामिल मंच के सदस्यों ने सामाजिक कार्यकर्ता कुंदन पासवान पर दर्ज कथित झूठे मुकदमे को वापस लेने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।धरना के दौरान मंच के सदस्यों ने गिलाकडीह दीपु धौड़ा में रह रहे परिवारों को JRDA के तहत पुनर्वास करने की मांग भी की। इसके साथ ही लोदना हाई स्कूल को अग्नि प्रभावित क्षेत्र बताकर स्थानांतरण किए जाने का विरोध जताया गया। नागरिक एकता मंच के सदस्य बिहारी लाल चौहान ने कहा कि सामाजिक कार्यकर्ता कुंदन पासवान लगातार विस्थापितों की लड़ाई लड़ रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि एक चर्चित ठेकेदार के इशारे पर उनके खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया है, जिसमें कुछ तथाकथित नेताओं की भी भूमिका है। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ विस्थापन के मुद्दे पर आंदोलन करने के कारण कुंदन पासवान को निशाना बनाया गया। मंच के सदस्यों ने उपायुक्त और वरीय पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। वही धरना प्रदर्शन के बाद नागरिक एकता मंच की ओर से उपायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच की मांग किए जाने की बात कही गई।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

