सीरिया की राजधानी दमिश्क में एक होटल के पास लगातार दो धमाके हुए हैं। इसी होटल में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ठहरे हुए हैं, जो सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के निमंत्रण पर दौरे पर पहुंचे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, धमाकों में कई लोग घायल हुए हैं और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बम धमाके में 6 लोगों की मौत हो गई है. वहीं करीब 20 लोग घायल हैं.
वहीं बता दें कि फ्रांसीसी राष्ट्रपति सुरक्षित हैं और उनकी आधिकारिक बैठकों पर तत्काल कोई असर नहीं पड़ा है। धमाकों के कारणों की जांच जारी है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, जिस जगह चरमपंथियों ने धमाका किया, वहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे. मरने वाले अधिकांश पुलिसकर्मी हैं, जो मैक्रों की सुरक्षा में लगे हुए थे.
अल अरबिया के मुताबिक जिस वक्त मैक्रों होटल से निकलकर अल शरा से मुलाकात करने जा रहे थे, उसी वक्त होटल के बाहर एक जोरदार धमाके की आवाज सुनी गई.
होटल के बाहर धमाकों से मचा हड़कंप
मैक्रों के होटल के बाहर जो धमाका हुआ है, वो एक कार के जरिए किया गया है. लाल रंग की कार को पहले होटल के बाहर लगाया गया, उसके बाद उसमें धमाका किया गया. फ्रांस के राष्ट्रपति भवन ने अभी इसको लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है, लेकिन कहा जा रहा है कि धमाके के तुरंत बाद मैक्रों ने अल शरा से मुलाकात की.
वहीं सीरिया पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है. अल शरा की सरकार में मैक्रों पहले यूरोपीय संघ के नेता हैं, जो सीरिया पहुंचे हैं. मैक्रों 2 दिवसीय दौरे पर दमिश्क आए थे. दौरे का यह आखिरी दिन था.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक यह धमाका दमिश्क के काफी पॉश इलाके में हुए हैं. एक साथ 2 धमाके की आवाज दमिश्क में सुनी गई है. मैक्रों उस वक्त नागरिक समूहों के साथ होटल में बैठक कर बाहर निकल रहे थे. हालांकि, उन्हें कुछ नहीं हुआ है.
बता दें कि सीरिया में बशर अल असद के जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह अल शरा सरकार के कंट्रोल में नहीं है. इसी साल फरवरी महीने में इस्लामिक स्टेट के आतंकियों ने अल शरा सरकार के कई कर्मियों की हत्या कर दी थी. इतना ही नहीं अलावी और कुर्द्स भी सीरिया सरकार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं.

