सिन्दरी(SINDRI): सिन्दरी में जमीन हस्तांतरण और स्थानीय लोगों के अधिकारों को लेकर आज ‘सिन्दरी बचाओ युवा संघर्ष समिति’ ने भारतीय खाद निगम यानी एफसीआई प्रबंधन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
डोमगढ़ और सिन्दरी की जमीनों के हस्तांतरण तथा केटीएमपीएल कंपनी के कार्यों के विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समिति के सदस्य एफसीआई परिसर पहुंचे और प्रबंधन का घेराव किया।आंदोलन की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र के विधायक चन्द्रदेव महतो ने मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप किया। इसके बाद संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों और एफसीआई प्रबंधन के बीच उच्चस्तरीय वार्ता आयोजित की गई।
वार्ता के दौरान विधायक चन्द्रदेव महतो ने एफसीआई प्रबंधन पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि डोमगढ़ वासियों की सहमति के बिना किसी भी जमीन को किसी बाहरी संस्था को हस्तांतरित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना जनसहमति के जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है, जो बेहद गंभीर मामला है।
विधायक ने मांग की कि जमीन हस्तांतरण की पूरी प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही डोमगढ़ और सिन्दरी के स्थायी निवासियों को उनकी जमीन पर स्थायी लीज का अधिकार दिया जाए।उन्होंने चेतावनी दी कि स्थानीय लोगों के अधिकारों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस प्रदर्शन और वार्ता में संघर्ष समिति के सैकड़ों सदस्य, स्थानीय ग्रामीण और कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।
