सासाराम(BIHAR): हावड़ा-दिल्ली रेलमार्ग पर सासाराम स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सासाराम से पटना जाने वाली ट्रेन संख्या 53212 सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन में आग लग गई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब पौने सात बजे प्लेटफार्म संख्या छह पर खड़ी ट्रेन की एक बोगी से अचानक धुआं निकलने लगा। उस समय मॉर्निंग वॉक कर रहे लोगों ने धुआं देख शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर मौजूद मजदूरों और रेलकर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने में जुट गई। हालांकि, जब तक आग पूरी तरह नियंत्रित की जाती, ट्रेन की पांचवीं बोगी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
रेलवे कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर प्रभावित बोगी को काटकर अलग कर दिया, ताकि आग अन्य डिब्बों तक न फैल सके। घटना के बाद ट्रेन को फिलहाल सासाराम स्टेशन पर ही रोक दिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद स्टेशन परिसर में कुछ समय के लिए दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

