धनबाद(DHANBAD): फेम इंडिया-एशिया पोस्ट द्वारा जारी ‘सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026’ सर्वे में धनबाद के जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन को देश के उत्कृष्ट जिलाधिकारियों की सूची में स्थान मिला है। यह सम्मान उन्हें प्रशासनिक कार्यों, जनहित आधारित पहल और प्रभावी नेतृत्व के आधार पर प्राप्त हुआ है।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस सर्वे में प्रशासनिक दक्षता, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनसरोकार, नवाचार, संकट प्रबंधन क्षमता, पारदर्शिता तथा जनसेवा जैसे विभिन्न मानकों पर अधिकारियों का मूल्यांकन किया गया।
आदित्य रंजन ने धनबाद में अपने कार्यकाल के दौरान जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन, विकास योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, प्रशासनिक समन्वय तथा आम लोगों से बेहतर संवाद स्थापित करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उनके नेतृत्व में जिले में सड़क सुरक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं।
बताया जाता है कि फेम इंडिया एक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मीडिया एवं सर्वे संस्था है, जो विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और प्रशासनिक अधिकारियों का मूल्यांकन कर विशेष सर्वे और रैंकिंग जारी करती है। फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के इस सर्वे में देशभर के लगभग 800 जिलाधिकारियों एवं उपायुक्तों का मूल्यांकन विशेषज्ञों की राय, प्रशासनिक कार्यशैली, विकास कार्यों, जनसरोकार, मीडिया रिपोर्ट और जनप्रतिसाद के आधार पर किया गया।
उल्लेखनीय है कि फेम इंडिया-एशिया पोस्ट द्वारा जारी यह सर्वे देशभर में बेहतर प्रशासनिक कार्य करने वाले जिलाधिकारियों और उपायुक्तों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जाता है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

