धनबाद(DHANBAD): उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार आज जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें जिला सामाजिक सुरक्षा विभाग के सहायक निदेशक नियाज़ अहमद ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना।
जनता दरबार में जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं। सहायक निदेशक पदाधिकारी ने सभी आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों की शीघ्र जांच कर उचित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर लोदना, कतरासगढ़, बाघमारा, धनबाद, सरायढेला, सिंदरी, तोपचांची, चिरकुंडा, गोविंदपुर,सहित अन्य क्षेत्रों से आए लोगों की शिकायतें सुनी गईं।
जनता दरबार में बिजली बिल, वैवाहिक मामले, सिंचाई विभाग, प्रधानमंत्री आवास, बेलगाड़िया टाउनशिप, जमीन विवाद, विद्यालय के नामांकन, भविष्य निधि के अनुदान, जिला दंडाधिकारी न्यायालय के मामले, घर कब्जाने, परीक्षा संबंधी, पुनर्वास मामले सहित अन्य मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
सहायक निदेशक महोदय ने आमजनों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी मामलों में विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उनकी समस्या का शीघ्र निष्पादन किया जाएगा। मौके पर आपदा प्रबंधन पदाधिकारी संजय झा, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी आलोक कुमार मिश्रा मौजूद रहें।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

