धनबाद(DHANBAD): धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो ने धनबाद के कतरास, टांड़ाबाड़ी एवं सोनारडीह सहित विभिन्न क्षेत्रों में भू-धंसान, राजस्व क्षति एवं नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों को लेकर केन्द्रीय कोयला एवं खान मंत्री किशन रेड्डी को विस्तृत पत्र प्रेषित किया है।
सांसद महतो ने अपने पत्र में स्पष्ट कहा कि यह घटनाएं कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि बीसीसीएल प्रबंधन एवं सुरक्षा तंत्र की संस्थागत विफलता, लापरवाही और भ्रष्टाचार का परिणाम हैं।
बीसीसीएल द्वारा सुरक्षा मानकों एवं वैधानिक प्रावधानों की अनदेखी ने स्थिति को और अधिक संवेदनशील एवं खतरनाक बना दिया है।
सांसद ढुलू महतो ने अपने पत्र के माध्यम से इस पूरे प्रकरण पर तत्काल और कठोर कार्रवाई की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि बीसीसीएल के संबंधित अधिकारियों एवं सुरक्षा प्रभारियों को जवाबदेह ठहराते हुए सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने राजस्व चोरी, आपराधिक षड्यंत्र एवं लोक उपेक्षा जैसे गंभीर प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज करने, उच्चस्तरीय विशेष जांच दल द्वारा निष्पक्ष जांच कराने तथा प्रभावित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा एवं सम्मानजनक पुनर्वास उपलब्ध कराने की मांग की है।
सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि इस बार भी कार्रवाई केवल औपचारिकता तक सीमित रही, तो वे इस गंभीर मुद्दे को संसद के भीतर और बाहर मजबूती से उठाने के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि केन्द्र सरकार इस विषय को गंभीरता से लेते हुए त्वरित एवं ठोस कदम उठाएगी, जिससे धनबाद कोयलांचल क्षेत्र में आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

