धनबाद(SINDRI): जिलेभर में शनिवार को वट सावित्री पर्व श्रद्धा, भक्ति और आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सुहागिन महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु, परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना को लेकर वट वृक्ष की विधि-विधान पूर्वक पूजा-अर्चना की।
सुबह से ही मंदिरों एवं सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं की भीड़ देखने को मिली। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज-धज कर पूजा सामग्री के साथ वट वृक्ष के पास पहुंचीं और पूरे श्रद्धाभाव से पूजा संपन्न की। महिलाओं ने वट वृक्ष में मौली धागा बांधकर उसकी परिक्रमा की तथा पंडितों द्वारा सुनाई गई सावित्री-सत्यवान की कथा का श्रवण किया।
व्रत रखकर महिलाओं ने अपने पति के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। पूजा स्थलों पर भक्तिमय माहौल बना रहा। शहरपुरा शिव मंदिर सहित सिन्दरी एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में वट सावित्री पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
पूजा-अर्चना करने पहुंचीं गार्गी सिंह ने कहा कि वट सावित्री पर्व भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और अखंड सौभाग्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि महिलाएं हर वर्ष श्रद्धा एवं आस्था के साथ यह व्रत रखती हैं, ताकि परिवार में सुख-शांति बनी रहे और सभी का भविष्य उज्ज्वल हो।
वट सावित्री पर्व को लेकर महिलाओं में खास उत्साह देखने को मिला तथा पूरे क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण बना रहा।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।
