लखनऊ(UP):उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विकास नगर इलाके में बुधवार शाम एक भीषण आग ने तबाही मचा दी।
रिंग रोड के पास बनी झोपड़ियों में लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया… और 200 से ज्यादा झोपड़ियां जलकर राख हो गईं।
आग इतनी भयानक थी कि काले धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता था। इलाके के पास होटल और ऑटोमोबाइल शोरूम होने के कारण स्थिति और भी गंभीर हो गई थी।
मौके पर दमकल विभाग की कम से कम 10 गाड़ियां पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पाया गया। हालांकि, घरों में रखे छोटे गैस सिलेंडरों के बार-बार फटने से राहत और बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है, लेकिन मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने भी जिलाधिकारी से बात कर हालात का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद सुनिश्चित करने को कहा।
प्रशासन के अनुसार हालात अब नियंत्रण में हैं और सामान्य स्थिति बहाल करने की कोशिशें जारी हैं।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

