उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित एक निजी कोचिंग सेंटर में आग लगने से 15 बच्चों की मौत हुई है और पांच बच्चे घायल हुए हैं.केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के मेडिकल सुप्रिंटेंडेट डॉक्टर अमिय अग्रवाल ने इसकी पुष्टि की है.
उन्होंने समाचार एजेंसी से कहा, “21 से 22 बच्चे लाए गए हैं. पांच को चोटें है जिन्हें भर्ती किया गया है. दो बच्चों को कूदने के कारण चोटें लगी हैं. उनकी कमर में चोट है. उनका सीटी स्कैन करवा कर इलाज किया जा रहा है. 15 बच्चे मृत अवस्था में लाए गए. इन्हें पंचनामा करने के बाद मोर्चरी भेजा जाएगा. फ़िलहाल पांच को भेज दिया गया है. बाकी दस की प्रक्रिया चल रही है.”
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा है कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं.
दुर्घटना के बाद फ़ायर ब्रिगेड का सर्च अभियान समाप्त हो गया है और घटनास्थल का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दौरा किया है.
इससे पहले उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा था, “मैंने 11-12 बॉडीज़ अपनी आंखों से देखी है.”
इस मामले पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, “हमारे परिवार के कुल 14 बच्चे इस घटना में हताहत हुए हैं और कुल चार बच्चे घायल हुए हैं. उनको केजीएमसी के ट्रामा सेंटर भेजा गया है.”
“घटना की उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री अलीगढ़ में अपने सारे कार्यक्रम रद्द करके पहुँच रहे हैं.
इस घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी बयान दिया. वह अलीगढ़ के दौरे पर थे, जहां से अब वह लखनऊ के लिए रवाना हो गए हैं. सीएम योगी ने घटनास्थल का दौरा किया है. योगी आदित्यनाथ ने कहा, “लखनऊ में एक दुर्घटना हुई है. वहां पर एक अग्निकांड की चपेट में कुछ बच्चे आए हैं. उसके कारण उनकी दुखद मौत… प्रशासन वहां पर राहत कार्यों में लगा हुआ है.” योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.
कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करके शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरे संवेदनाएं जताई हैं. समाजवादी पार्टी प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक्स पर लिखा, “लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में आग लगने से जिन्होंने अपनी जान गंवाई है, उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि. जिन्होंने अपनों को खोया है, उन शोक संतप्त परिवारों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं.” साथ ही अखिलेश ने मांग करते हुए कहा कि सरकार घायलों के लिए सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुनिश्चित करे.

