रेलवे माल ढुलाई परिचालन पर हितधारकों की बैठक का आयोजन…

रेलवे माल ढुलाई परिचालन पर हितधारकों की बैठक का आयोजन…

धनबाद(DHANBAD): आज दिनांक 29.04.2026 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, धनबाद में अपर उप-नियंत्रक महालेखापरीक्षक (रेलवे) प्रवीर पांडेय की अध्यक्षता में माल ढुलाई ग्राहकों के लिए ‘व्यापार करने में सुगमता’ के संदर्भ में, रेलवे माल ढुलाई परिचालन पर हितधारकों की बैठक का आयोजन किया गया |

बैठक का मुख्य उद्देश्य माल ढुलाई ग्राहकों के लिए रेलवे की सेवाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं ग्राहक-केंद्रित बनाना था। इस दौरान रेलवे माल ढुलाई परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। अपर उप-नियंत्रक महालेखापरीक्षक (रेलवे) प्रवीर पांडेय ने रेल उपयोगकर्ताओं को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने एवं डिजिटलाइजेशन को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने ऑनलाइन बुकिंग, ऑनलाइन भुगतान, रेल वैगनों की सहज उपलब्धता, त्वरित सेवा प्रणाली तथा माल परिवहन प्रक्रियाओं के सरलीकरण जैसे विषयों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया। बैठक में उपस्थित विभिन्न उद्योग एवं संस्थानों के प्रतिनिधियों द्वारा भी अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए गए, जिससे रेलवे माल ढुलाई सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं व्यवसाय अनुकूल बनाने की दिशा में सार्थक चर्चा हुई।

बैठक के दौरान रेलवे एवं माल ढुलाई उपभोक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा “व्यापार सुगमता” को और अधिक सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र, प्रधान निदेशक लेखा परीक्षा (रेलवे) कोलकाता पुष्कर कुमार, धनबाद रेल मंडल के अन्य अधिकारीगण, ऑडिट विभाग के अन्य अधिकारीगण तथा एनटीपीसी, आईओसीएल, सीसीएल, डीवीसी, डीएसटीपीएस अंडाल एवं बीसीसीएल के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *