रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है. रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव के पास स्थित बुचा जिले में लंबी दूरी का हमला किया. इस हमले में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 42 लोग घायल हुए हैं. मरने वालों में चार बच्चे भी शामिल हैं.
हमले के बाद करीब 50 रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचा है. कई घरों में आग लग गई, जो बाद में एक रेस्टोरेंट तक फैल गई. राहत और बचाव टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने और मलबा हटाने में जुटी हुई हैं.
मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
बुचा जिले के स्थानीय क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख तिमुर तकाचेंको ने बताया कि हमले में अब तक 27 लोगों की मौत हुई है. उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है.
उन्होंने बताया कि 42 लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं. इनमें से सात लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
हमले के बाद इमरजेंसी टीमें लगातार सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं. आसपास की इमारतों की भी जांच की जा रही है, ताकि किसी व्यक्ति के मलबे में फंसे होने की स्थिति में उसे सुरक्षित बाहर निकाला जा सके.
381 लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचाया गया
अधिकारियों के मुताबिक, हमले के बाद इलाके से 381 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. इनमें 59 बच्चे भी शामिल हैं. मौके पर मेडिकल टीमों को भी तैनात किया गया है, ताकि घायलों को तुरंत इलाज मिल सके.
जेलेंस्की ने हमले पर क्या कहा?
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बताया कि हमले के दौरान माइला गांव में एक वेयरहाउस को निशाना बनाया गया था. इसके बाद वहां बड़ा विस्फोट हुआ.
जेलेंस्की ने कहा कि हथियार और गोला-बारूद आम लोगों के घरों या रिहायशी इलाकों के पास नहीं रखा जाना चाहिए. उन्होंने बताया कि इस घटना में बुजुर्गों और दिव्यांग लोगों के लिए बने एक केयर होम के साथ कई रिहायशी इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है.
जेलेंस्की के मुताबिक, घटना में अधिकारियों की लापरवाही के आरोपों को लेकर आपराधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
फिलहाल राहत और बचाव अभियान जारी है और बाकी लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की कोशिश की जा रही है.

