राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के बड़े नेता अशोक गहलोत के बीजेपी पर सांप्रदायिक आरोप लगाने वाले बयान ने देश में सियासी गर्मी को कई गुना बढ़ा दिया। कांग्रेस नेता के बयान के बाद पूरी बीजेपी अटैक मोड में आ गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने तीखा पलटवार किया है।
रिजिजू ने गहलोत के बयान पर किया पलटवार
किरेन रिजिजू ने एक्स पर अशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए लिखा, ‘अशोक गहलोत हमें याद दिला रहे हैं कि इंदिरा गांधी कितनी तानाशाह थीं और लोकतंत्र में विश्वास नहीं रखती थीं। वंशवादी कांग्रेस पार्टी से सावधान रहें।’
गहलोत के बयान पर बिफरे शहजाद पूनावाला
इससे पहले, बीजेपी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आशोक गहलोत के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि इससे हिंदुओं और हिंदुत्व के प्रति कांग्रेस की नफरत ही जाहिर होती है। कांग्रेस पार्टी हिंदुओं और हिंदुत्व से नफरत करती है। अशोक गहलोत के बयान से इसका एक और सबूत सामने आया है।
आपको बता दें कि रविवार यानी कल अशोक गहलोत जयपुर में एक पुरस्कार समारोह में शामिल हुए थे, जहां उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदूवादियों को, हिंदुत्व वालों को भड़काओ और राज करो। उन्होंने आगे कहा था, ‘इंदिरा गांधी जिंदा होतीं ना, तो वो बीजेपी जैसी पार्टी पर बैन लगा देतीं। आप सिर्फ हिंदुत्व को लेकर पार्टी चला रहे हो। आप हिंदू को लेकर राजनीति करना चाहते हो।’ उन्होंने आगे आरोप लगाते हुए कहा कि आज सत्ता में बैठे लोग जानबूझकर धार्मिक ध्रुवीकरण कर रहे हैं।

