प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो संदेश जारी कर जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन और उसमें इस्तेमाल की गई अभद्र भाषा पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। वीडियो में पीएम मोदी ने कहा कि जंतर-मंतर पर जो कुछ हुआ, उसे पूरे देश और दुनिया ने देखा। उन्होंने कहा कि कुछ बच्चों ने उनके लिए और उनकी दिवंगत मां के लिए भी अपशब्दों का इस्तेमाल किया, जो किसी भी सभ्य समाज के लिए उचित नहीं है।
हालांकि, प्रधानमंत्री ने कहा कि वह उन बच्चों से नाराज नहीं हैं। उन्होंने कहा, “मैं मुझे गाली देने वाले बच्चों को माफ करना चाहता हूं। बचपन में गलतियां हो जाती हैं और उसी उम्र में उन्हें सुधारने का मौका भी मिलता है।”
पीएम मोदी ने अपने संदेश में बच्चों से अच्छी भाषा और सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज में सम्मानजनक संवाद और संस्कारों का महत्व हमेशा बना रहना चाहिए।
मैं बच्चों को माफ करना चाहता हूं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘इसे लेकर समाज के अंदर जो आक्रोश है उसे मैं भली-भांति समझ सकता हूं. कल्चरल शॉक है कि हमारी बेटियां इस तरह की भाषा कैसे बोल सकती है, लेकिन समय है इन बच्चों को गले लगाकर के राह दिखाने का. ये गुमराह बच्चे हैं. उनको राह दिखाना हमारा काम है. उनको सजा दिलाना, अदालतों के चक्कर कटवाना, समाज में उनको प्रताड़ित करना इससे हम परिस्थितियां नहीं बदल पाएंगे. मैं उन्हें माफ करना चाहता हूं.’
ये बच्चे हमारे ही हैं: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, ‘समाज भी मेरे इस बात को स्वीकार करे क्योंकि मेरे मन में एक ही भाव है. कभी-कभी दांतों तले हमारी जीभ आ जाती है. खून निकल आता है, लेकिन हम दांत तोड़ते नहीं हैं क्योंकि दांत भी हमारे हैं जीभ भी हमारी है. बच्चे भी हमारे हैं. उन्हें राह दिखाना हमारा काम है. गुमराह को राह दिखाना कठिन होता है, लेकिन ये कठिन काम हमें करना है और इसलिए मैं इन बच्चों को कहता हूं बच्चों आओ हम देश के लिए साथ मिलकर आगे बढ़ें. कुछ नया सीखें. गलतियों से भी सीखें. अपने सपनों को लेकर चल पड़ें.’
उन्होंने कहा, ‘देश बहुत आगे बढ़ रहा है. आगे बढ़ने वाला है ओर आपका भी आगे बढ़ना निश्चित हो यही मेरा सपना है. मैं आपके लिए जीता हूं. आपके उज्वल भविष्य के लिए खपता हूं. आओ हम मिलकर देश को आगे बढ़ाएं. बस आओ गलतियों से सीखो. आगे बढ़े.’

