रांची(RANCHI): रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सोमवार को सहायक आचार्य और महिला पर्यवेक्षक पदों पर चयनित कुल 338 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। इसको लेकर प्रोजेक्ट भवन सभागार में विशेष नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया है।
सहायक आचार्य पद के लिए चयनित 319 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। इनमें 158 अभ्यर्थियों का चयन इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य और 161 अभ्यर्थियों का चयन स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य पद के लिए किया गया है।
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा इन अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा पिछले वर्ष दिसंबर में ही कर दी गई थी। जिला स्तर पर काउंसिलिंग पूरी होने के बाद अब नियुक्ति पत्र वितरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को लगभग एक हजार अन्य अभ्यर्थियों की नियुक्ति की अनुशंसा भी प्राप्त हुई है। इन अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग फिलहाल जिला स्तर पर चल रही है और संभावना जताई जा रही है कि अगले महीने उन्हें भी नियुक्ति पत्र सौंपे जाएंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले सहायक आचार्य के 10,213 अभ्यर्थियों की नियुक्ति हो चुकी है और वे विभिन्न विद्यालयों में पठन-पाठन का कार्य कर रहे हैं।
झारखंड प्रारंभिक विद्यालय प्रशिक्षित सहायक आचार्य संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2023 के माध्यम से कुल 26,001 पदों पर नियुक्ति की जानी थी, लेकिन योग्य अभ्यर्थियों की कमी के कारण बड़ी संख्या में पद अब भी रिक्त हैं। इनमें सबसे अधिक रिक्तियां पारा शिक्षक श्रेणी में बताई जा रही हैं।
वहीं महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक सुरक्षा विभाग में महिला पर्यवेक्षक पद के लिए चयनित 19 अभ्यर्थियों को भी मुख्यमंत्री नियुक्ति पत्र देंगे। इससे पहले पिछले महीने 237 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। प्रमाणपत्र सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शेष अभ्यर्थियों को अब नियुक्ति दी जा रही है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

