देवघर(DEVGHAR): देवघर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय ब्राउन शुगर गिरोह का पर्दाफाश किया है। मोहनपुर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने करीब 20 लाख रुपये मूल्य की 102.14 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल के वीरभूम जिले के दो सप्लायर और देवघर के दो स्थानीय रिसिवर शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 1 लाख 49 हजार 300 रुपये नकद, एक आई-10 कार, एक मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 17 मई की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से कुछ लोग ब्राउन शुगर लेकर मोहनपुर क्षेत्र में पहुंचे हैं और डील होने वाली है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान पश्चिम बंगाल के दुबराजपुर थाना क्षेत्र निवासी शेख इस्ताजुल और मीर समद आई-10 कार से पहुंचे थे, जबकि देवघर के लातेसार निवासी रोहित कुमार और बरमसिया निवासी नीरज कुमार महथा बाइक से ब्राउन शुगर खरीदने आए थे। पुलिस ने मौके पर चारों को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान दो पैकेट में रखी गई 102.14 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई। पुलिस के अनुसार इसकी बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपये है। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह पश्चिम बंगाल से सड़क मार्ग के जरिए झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में ब्राउन शुगर की सप्लाई करता था।
एसपी ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन की जांच में कई अन्य सप्लायरों और कारोबारियों के नाम सामने आए हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह नेटवर्क काफी संगठित तरीके से काम कर रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार स्थानीय आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। नीरज कुमार महथा पर नगर थाना में पांच मामले दर्ज हैं, जबकि रोहित कुमार के खिलाफ साइबर थाना और मोहनपुर थाना में मामले दर्ज हैं। दोनों पूर्व में जेल भी जा चुके हैं।
पूछताछ में शेख इस्ताजुल ने स्वीकार किया कि वह पहले भी कई बार ब्राउन शुगर की खेप लेकर देवघर आ चुका है। उसने बताया कि आई-10 कार शेख मोजामिल की है, जिसने उन्हें सप्लाई के लिए वाहन उपलब्ध कराया था।
देवघर पुलिस ने साफ किया है कि अब केवल सप्लायर ही नहीं, बल्कि ब्राउन शुगर बेचने और सेवन करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए पुलिस ने इलाके में विशेष अभियान चलाने की तैयारी शुरू कर दी है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

