मुंबई में गणेश प्रतिमा गिरने से बड़ा हादसा, 2 लोगों की मौत; 5 घायल

मुंबई में गणेश प्रतिमा गिरने से बड़ा हादसा, 2 लोगों की मौत; 5 घायल

मुंबई के भुलेश्वर इलाके में गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार रात बड़ा हादसा हो गया। यहां मशहूर ‘भुलेश्वर चा राजा’ की 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा ले जाते समय अचानक गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हुए हैं।

यह घटना उस समय हुई जब गणेश प्रतिमा को पंडाल तक ले जाया जा रहा था। प्रतिमा का संतुलन बिगड़ने के बाद वह सड़क पर गिर गई और इसकी चपेट में कई लोग आ गए।

प्रतिमा गिरने से 7 लोग घायल

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10:30 बजे 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा को भायखला से भुलेश्वर ले जाया जा रहा था। पंडाल से करीब 50-60 मीटर पहले अचानक प्रतिमा गिर गई।

हादसे में करीब सात लोग घायल हुए। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, फायर ब्रिगेड और बीएमसी की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

दो लोगों की मौत

अस्पताल में इलाज के दौरान दो लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों की पहचान 33 वर्षीय संकेत नेवशे और 30 वर्षीय बृजेश हेमंत जोशी के रूप में हुई है।

वहीं, वैभव घेनांद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) घायल हुए हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

घटना के बाद इलाके में तनाव

हादसे के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। अखिल पब्लिक फेस्टिवल समिति के अध्यक्ष हितेश जाधव ने घटना को बेहद निंदनीय बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि गणपति प्रतिमा के आगमन के दौरान पास की इमारत से किसी ने मूर्ति पर अंडा फेंका था। समिति ने पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।

जाधव के मुताबिक, महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार ने भी मदद का आश्वासन दिया है और मामले में जल्द कार्रवाई की उम्मीद है।

गणेशोत्सव की तैयारियां जोरों पर

मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में गणेशोत्सव बड़े उत्साह के साथ मनाया जाता है। गणेश चतुर्थी से पहले ही जगह-जगह गणेश प्रतिमाओं को पंडालों तक ले जाने और स्थापना की तैयारियां शुरू हो जाती हैं।

दस दिनों तक चलने वाले इस त्योहार में घरों के साथ-साथ बड़े सार्वजनिक पंडालों में भी भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाती है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *