ओटीटी पर जबरदस्त लोकप्रियता हासिल करने वाली ‘मिर्जापुर’ अब फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर आने वाली है। ‘मिर्जापुर द मूवी’ को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) से ‘A’ सर्टिफिकेट मिल गया है। हालांकि, सर्टिफिकेट देने से पहले बोर्ड ने फिल्म के कुछ डायलॉग और इंटीमेट सीन्स में बदलाव करवाए हैं।
4 जगह गालियां की गईं म्यूट
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, 3 घंटे से ज्यादा लंबी इस फिल्म में CBFC ने कई बदलाव करने को कहा।
- फिल्म में 4 जगह गालियों को म्यूट किया गया है।
- 6 जगह गालियों की जगह दूसरे शब्द इस्तेमाल किए गए हैं।
- ‘गले से लग जा’ डायलॉग में भी बदलाव किया गया है।
- फिल्म के पहले हिस्से में एक शब्द को बदलकर ‘कमर’ किया गया है।
- इंटरवल के बाद ‘लंठ’ शब्द को बदलने के लिए कहा गया है।
- जाति से जुड़े एक रेफरेंस में भी बदलाव किया गया है।
इंटीमेट सीन्स में भी किया गया बदलाव
रिपोर्ट के अनुसार, CBFC ने फिल्म के इंटीमेट सीन्स में भी बदलाव करने को कहा। मेकर्स को विजुअल और साउंड में बदलाव करते हुए इन सीन्स की लंबाई करीब 50 फीसदी कम करने के निर्देश दिए गए।
फिल्म में ऐसे दो सीन्स थे—एक पहले हाफ में और दूसरा इंटरवल के बाद। बदलाव के बाद कुल 35 सेकंड के इंटीमेट सीन हटा दिए गए हैं।
हिंसा और खून-खराबे वाले सीन नहीं काटे गए
दिलचस्प बात यह है कि CBFC ने फिल्म के हिंसा या खून-खराबे वाले सीन्स को नहीं हटाया। जरूरी बदलाव करने के बाद फिल्म को सेंसर सर्टिफिकेट दे दिया गया।
सर्टिफिकेट के मुताबिक, ‘मिर्जापुर द मूवी’ की लंबाई 197.19 मिनट, यानी करीब 3 घंटे 17 मिनट 19 सेकंड है।
4 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म में पंकज त्रिपाठी, अली फजल, दिव्येंदु, जितेंद्र कुमार, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस. चौहान, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी, सुशांत सिंह और रवि किशन समेत कई कलाकार नजर आएंगे।
फिल्म को लेकर ‘मिर्जापुर’ के फैंस के बीच काफी उत्साह है, खासकर इसलिए क्योंकि लोकप्रिय वेब सीरीज के किरदार अब बड़े पर्दे पर नजर आने वाले हैं।

