
झरिया(JHARIA): मारवाड़ी युवा मंच झरिया शाखा द्वारा आगामी 7 जून 2026 (रविवार) को संध्या 5:30 बजे से अग्रवाल धर्मशाला (नया भवन), झरिया में भव्य “प्रतिभा सम्मान समारोह – 2026” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य मारवाड़ी समाज के उन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों एवं युवाओं को सम्मानित करना है, जिन्होंने शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त कर समाज का गौरव बढ़ाया है।
शाखा के अध्यक्ष किरण शर्मा ने बताया कि समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं की विभिन्न बोर्ड परीक्षाओं में निर्धारित अंकों से उत्तीर्ण विद्यार्थियों, स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर विश्वविद्यालय में प्रथम से दसवें स्थान तक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा CA, CS, CMA, ACCA, CPA, MBA, मेडिकल, इंजीनियरिंग, सिविल सेवा, LLB, LLM, M.Phil., Ph.D., B.Ed., M.Ed. सहित विभिन्न व्यावसायिक एवं उच्च शिक्षा पाठ्यक्रमों की अंतिम परीक्षाएँ उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट रैंक प्राप्त करने वाले तथा खेल, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम संयोजक मयंक केजरीवाल ने समाज के सभी सदस्यों से अनुरोध किया है कि यदि उनकी जानकारी में उपर्युक्त श्रेणियों में आने वाले कोई भी योग्य एवं प्रतिभाशाली मारवाड़ी विद्यार्थी हों, तो उन्हें 2 जून 2026 तक निर्धारित Google Form https://forms.gle/6P7CvyGssEHoRfkr9 के माध्यम से अपना विवरण प्रेषित करने हेतु प्रेरित करें, ताकि उन्हें इस सम्मान समारोह में सम्मानित किया जा सके।
शाखा सचिव सन्नी अग्रवाल ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना तथा उनकी उपलब्धियों को सम्मान प्रदान करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। मंच ने अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।
NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

