मानसून से पहले PWD अलर्ट! दिल्ली के जलभराव प्वाइंट्स पर 24×7 निगरानी

मानसून से पहले PWD अलर्ट! दिल्ली के जलभराव प्वाइंट्स पर 24×7 निगरानी

दिल्ली में मानसून के दौरान हर साल होने वाले जलभराव और ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने इस बार पहले से ही व्यापक तैयारियां कर ली हैं। विभाग का दावा है कि बारिश के दौरान लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं।

पिछले वर्षों में मिंटो ब्रिज, पुल प्रहलादपुर अंडरपास, आईटीओ, जखीरा, आजादपुर और रिंग रोड जैसे इलाकों में भारी जलभराव के कारण लंबे ट्रैफिक जाम लगते थे। कई बार वाहन पानी में फंस जाते थे और लोगों को घंटों तक इंतजार करना पड़ता था। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए इस बार निगरानी, जल निकासी और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत किया गया है।

पीडब्ल्यूडी ने शहर में 153 स्थायी पंप हाउस चालू कर दिए हैं। इसके अलावा 749 से ज्यादा अतिरिक्त पंप संवेदनशील इलाकों में लगाए जा रहे हैं, ताकि बारिश का पानी तेजी से निकाला जा सके। मिंटो ब्रिज और पुल प्रहलादपुर अंडरपास जैसे जलभराव वाले क्षेत्रों में स्वचालित पंप हाउस भी स्थापित किए गए हैं, जिससे पानी जमा होने पर तुरंत निकासी की जा सके।

इन पंपों में लगे सेंसर पानी का स्तर बढ़ते ही स्वतः पंपों को चालू कर देंगे, जिससे पानी तेजी से निकाला जा सकेगा और यातायात प्रभावित होने की संभावना कम होगी।

विभाग ने अपने मुख्यालय में 24 घंटे संचालित होने वाला केंद्रीय कंट्रोल रूम भी शुरू कर दिया है। यहां से जलभराव वाले 36 संवेदनशील स्थानों पर लगे 152 सीसीटीवी कैमरों की लाइव निगरानी की जाएगी। किसी भी स्थान पर पानी भरने की स्थिति बनने पर संबंधित टीम को तत्काल सूचना देकर कार्रवाई शुरू कराई जाएगी।

इसके अलावा जरूरत पड़ने पर मोबाइल पंप यूनिट भी मौके पर भेजी जाएगी। सभी चिन्हित जलभराव वाले स्थानों पर नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की गई है, ताकि स्थानीय स्तर पर तुरंत निर्णय लेकर जल निकासी का कार्य शुरू किया जा सके।

वहीं, दिल्ली के सभी 13 जिलों में जिलाधिकारियों की देखरेख में क्विक रिस्पॉन्स सेंटर स्थापित किए गए हैं, जो विकेंद्रीकृत व्यवस्था के तहत शिकायतों का त्वरित निस्तारण करेंगे।

बता दें कि पीडब्ल्यूडी ने नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। यदि कहीं जलभराव की समस्या दिखाई दे तो लोग हेल्पलाइन नंबर 011-23490323, 8130188222 अथवा टोल-फ्री नंबर 1908 पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *