महिला इंटर महाविद्यालय में गुरु वंदन – शिष्या अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन सम्पन्न…

महिला इंटर महाविद्यालय में गुरु वंदन – शिष्या अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन सम्पन्न…

झरिया(JHARIA): झरिया के लाल बाजार स्थित महिला इंटर महाविद्यालय में बुधवार, दिनांक 20 मई 2026 को “गुरु वंदन – शिष्या अभिनंदन” कार्यक्रम का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया गया, जिसमें शिक्षा, संस्कार एवं महिला सशक्तिकरण की सुंदर झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के अध्यक्ष श्री धर्मप्रकाश खेतान, मारवाड़ी सम्मेलन झरिया के सचिव श्री प्रभास अग्रवाल, श्री मोहित अग्रवाल, महाविद्यालय सचिव डॉ. मनीष शर्मा, संयुक्त सचिव श्री बीरेंद्र अग्रवाल, कोषाध्यक्ष श्री अनुप मित्तल एवं प्राचार्या श्रीमती मुनमुन दास द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर झरिया एवं आसपास के 12 उच्च विद्यालयों की उन मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने सत्र 2025-26 की 10वीं बोर्ड परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर शिक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। सम्मान स्वरूप छात्राओं को प्रशस्ति एवं सम्मान भेंट किए गए। साथ ही संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को भी मोमेंटो एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज एवं राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है तथा बेटियों की शिक्षा से ही समाज का वास्तविक विकास संभव है। गुरु एवं शिष्या के पावन संबंध को समर्पित यह कार्यक्रम सभी के लिए प्रेरणादायी रहा।

गौरतलब है कि महिला इंटर महाविद्यालय, झरिया पिछले 56 वर्षों से महिला शिक्षा एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देता आ रहा है। महाविद्यालय द्वारा नए शैक्षणिक सत्र में छात्राओं के नामांकन शुल्क में 25 प्रतिशत की विशेष छूट देने की घोषणा भी की गई, ताकि अधिक से अधिक छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें।

महाविद्यालय में आधुनिक शिक्षा प्रणाली के अनुरूप पुस्तकालय, स्मार्ट क्लासेज, कंप्यूटर शिक्षा, स्पोकन इंग्लिश क्लासेज, ब्यूटीशियन प्रशिक्षण, सिलाई शिक्षा एवं समय-समय पर मोटिवेशनल क्लासेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे छात्राओं के सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहन मिल सके।

झरिया मारवाड़ी सम्मेलन द्वारा संचालित यह महाविद्यालय महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है। कार्यक्रम में महाविद्यालय परिवार के समस्त शिक्षकगण, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

NEWSANP के लिए झरिया से रागिनी पांडेय की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *