महाराष्ट्र के परभणी जिले के मानवत तालुका स्थित यशवाड़ी देवस्थान में आज शनिवार (20 जून) को बड़ा हादसा हो गया. प्रसिद्ध हनुमान मंदिर के गर्भगृह के सामने निर्माणाधीन सभा मंडप (असेंबली हॉल) की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, इस हादसे के समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में मौजूद थे. 30 से 40 लोगो के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.
हादसे के बाद प्रशासन ने तुरंत बचाव का काम शुरू कर दिया है. पूरी घटना पर नजर रखने के बाद गार्जियन मिनिस्टर मेघना बोर्डिकर ने मौके पर एक टीम को भेजा है. शनिवार होने की वजह से बड़ी संख्या में भक्त दर्शन करने आते हैं. कई एंबुलेंस मौके पर मौजूद है. ज़िला प्रशासन और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं.
युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य जारी है. मलबे में फंसे श्रद्धालुओं को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है. हादसे में जख्मी हुए श्रद्धालुओं के इलाज के लिए परभणी जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक रूप से हताहतों की संख्या की पुष्टि नहीं की गई है.
(ये खबर लगातार अपडेट किया जा रहा है)

