भौंरा महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर सांसद समर्थक पर फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस…

भौंरा महाप्रबंधक कार्यालय के बाहर सांसद समर्थक पर फायरिंग, जांच में जुटी पुलिस…

धनबाद(DHANBAD): झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत भौंरा ईजे (EJ) महाप्रबंधक कार्यालय के मुख्य गेट के समीप सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नकाबपोश अपराधियों ने अचानक चार राउंड हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई।

जानकारी के अनुसार सांसद समर्थक यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (एटक) के सचिव गफ्फार अंसारी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ स्थानीय ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भौंरा महाप्रबंधक कार्यालय पहुंचे थे। अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद जैसे ही वे अपने समर्थकों के साथ कार्यालय से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे नकाबपोश अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया।

हमलावरों ने पहले लाठी-डंडों से मारपीट की और फिर दहशत फैलाने के उद्देश्य से लगातार चार राउंड हवाई फायरिंग की। इस दौरान मौके पर खड़ी एक बाइक में भी तोड़फोड़ कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद आसपास के लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे, जिससे कुछ समय के लिए पूरा इलाका आतंक के साये में डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही भौंरा ओपी प्रभारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस को आता देख सभी हमलावर फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *