जियो हॉटस्टार के शो ‘भोजपुरी बवाल’ में शुरुआत से ही खूब विवाद और आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिले। हालांकि, शो के आखिर में सितारों के बीच माहौल ठीक हो गया। शनिवार यानी 5 सितंबर को शो का ग्रांड फिनाले हुआ, जिसमें भोजपुरी सितारों ने पुराने विवादों को पीछे छोड़कर डांस और मस्ती से दर्शकों का मनोरंजन किया।
ग्रांड फिनाले में कलाकारों को अलग-अलग कैटेगरी में अवॉर्ड भी दिए गए। इसके अलावा शो के दौरान कई मजेदार पल देखने को मिले।
आम्रपाली दुबे ने निरहुआ की तारीफ की
ग्रांड फिनाले में कई भोजपुरी सितारों को अलग-अलग कैटेगरी में अवॉर्ड दिए गए। इस दौरान आम्रपाली दुबे ने दिनेश लाल यादव निरहुआ की जमकर तारीफ की।
आम्रपाली ने कहा, “मैंने हमेशा आपको जियो निरहुआ कहा और सारी उम्र यही कहूंगी। आपसे अच्छा धरती पर कोई नहीं।”
किसे मिला कौन सा अवॉर्ड?
शो में सितारों को अलग-अलग कैटेगरी में अवॉर्ड दिए गए। इनमें शामिल हैं:
- आम्रपाली दुबे – ‘मैं हीरोइन हूं’
- दिनेश लाल यादव निरहुआ – ‘पिक्चर परफेक्ट’
- काजल राघवानी – ‘मैं चुप नहीं रहूंगी’
- पवन सिंह – ‘मूड बनने में टाइम लगता है’
पवन सिंह ने दी शानदार परफॉर्मेंस
ग्रांड फिनाले में पवन सिंह ने अपनी शानदार परफॉर्मेंस से खूब धमाल मचाया। उन्होंने ‘एक मुलाकात जरूरी है सनम’ गाना गाया और अपनी आवाज से फैंस का दिल जीत लिया।
पवन सिंह ने इस दौरान शुभांकर मिश्रा के साथ भी खूब मस्ती की। उन्होंने लोगों से जूस पीने की अपील की और शराब व नशीली चीजों से दूर रहने की सलाह दी।
पवन सिंह ने अपनी भावनाओं को लेकर कहा, “मैं दर्द बोलता नहीं हूं। बस गाकर निकाल देता हूं।”
पवन सिंह बोले- कभी-कभी बहुत अकेलापन महसूस होता है
ग्रांड फिनाले में पवन सिंह ने यह भी बताया कि भले ही वह बड़े स्टार हैं, लेकिन कभी-कभी उन्हें बहुत अकेलापन महसूस होता है।
जब उनसे पूछा गया कि वह अकेले में कौन सा गाना गाते हैं, तो उन्होंने ‘सोनिए जो तेरे नाल दगा मैं कमावां तो मैं मर जावां…’ गाने का जिक्र किया और इसकी एक लाइन भी गाकर सुनाई।
आम्रपाली ने काजल राघवानी पर किया तंज
ग्रांड फिनाले में जब सभी सितारों को स्टेज पर बुलाया गया तो आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी भी वहां पहुंचीं। इसी दौरान आम्रपाली ने मजाकिया अंदाज में काजल पर तंज कसा।
उन्होंने कहा, “एक मिनट पहले सबसे पूछ लिया जाए कि सभी कंफर्टेबल हैं ना? कहीं बाद में बोला जाए कि हमसे डांस के लिए पूछा नहीं था। ऐसे ही नचा दिया।”
इसके बाद निरहुआ ने माहौल संभालते हुए कहा, “अरे अब जाने दीजिए। एक घर में लड़ाई होती रहती है। घर में लड़ाई ना हो तो प्यार का पता नहीं चलता है।”
इसके बाद सभी सितारों ने स्टेज पर शानदार परफॉर्मेंस दी।
‘भोजपुरी बवाल’ का आएगा सीजन 2
ग्रांड फिनाले में शो के दूसरे सीजन का भी हिंट दिया गया। इस दौरान निरहुआ और काजल राघवानी के बीच पुरानी बहस को लेकर बातचीत हुई। काजल लगातार निरहुआ को रोकती नजर आईं और उन्हें अपनी बात पूरी नहीं करने दे रही थीं।
इस पर पवन सिंह ने मजाकिया अंदाज में कहा कि लड़ते रहिए, तभी काम में निखार आएगा।
इसके बाद होस्ट ने भी कहा कि पहला सीजन जिस तरह हिट रहा है, उसे देखकर लगता है कि ‘भोजपुरी बवाल’ का दूसरा सीजन भी जल्द आ सकता है।

