उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब सड़कों पर भी दिखने लगा है। तेज बारिश की वजह से देहरादून–मसूरी मुख्य मार्ग पर पानी वाले बैंड के पास सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है।
लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने अगले आदेश तक इस सड़क को पूरी तरह बंद कर दिया है। इस दौरान किसी भी वाहन और आम लोगों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
मसूरी के उप जिलाधिकारी ने बताया कि लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क को नुकसान पहुंचा है। किसी भी हादसे से बचने और लोगों की सुरक्षा के लिए यह फैसला लिया गया है।
प्रशासन ने पुलिस विभाग को मार्ग पर यातायात प्रतिबंध प्रभावी ढंग से लागू कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं लोक निर्माण विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कर जल्द से जल्द यातायात बहाल करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अगले आदेश तक देहरादून–मसूरी मार्ग पर यात्रा करने से बचें। वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और मौसम विभाग व जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
चारधाम यात्रा पर लगी रोक
उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चारधाम यात्रा मार्ग के विभिन्न हिस्सों में भूस्खलन के कारण उत्पन्न प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए सोमवार को एहतियातन चारधाम यात्रा अस्थायी तौर पर रोक दी गई। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मौजूदा मौसम और यात्रा मार्गों की स्थिति के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
भूस्खलन के कारण मार्ग प्रभावित
चारधाम यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने और परिस्थितियां सामान्य होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि तीर्थयात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण कई स्थानों पर यात्रा मार्ग प्रभावित हुए हैं, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया।

