
धनबाद(DHANBAD): Bharatiya Janata Party धनबाद महानगर एवं धनबाद ग्रामीण के जिला अध्यक्ष श्रवण राय एवं मोहन कुंभकार के निर्देशानुसार नगर निगम चुनाव 2026 की संगठनात्मक तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।
जिला महामंत्री मानस प्रसून को Dhanbad नगर निगम चुनाव से संबंधित समस्त संगठनात्मक, समन्वयात्मक एवं चुनावी गतिविधियों के लिए कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। नगर निगम चुनाव से संबंधित सभी बैठकें, कार्यक्रम, रणनीतिक निर्णय एवं संगठनात्मक सूचनाएं अनिवार्य रूप से कोऑर्डिनेटर के माध्यम से ही साझा की जाएंगी। यह व्यवस्था चुनावी कार्यों में अनुशासन, बेहतर समन्वय एवं प्रभावशीलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लागू की गई है।
इसी क्रम में नगर निगम चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने एवं भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी संजीव कुमार की विजय सुनिश्चित करने हेतु बैंक मोड़ स्थित चुनाव कार्यालय में मंडल प्रभारी एवं मंडल अध्यक्षों की एक अतिआवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक को पूर्व मंत्री Amar Bauri एवं प्रदेश मंत्री Saroj Singh ने संबोधित किया।
पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता अनुभवी, कर्मठ एवं जुझारू होते हैं, जो चुनाव लड़ना ही नहीं बल्कि उसे जीतना भी भली-भांति जानते हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मंडलों में शीघ्र मंडल स्तरीय चुनाव कार्यालय खोले जाएं, डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान को तेज किया जाए तथा प्रत्येक मंडल एवं प्रत्येक बूथ पर सघन संपर्क स्थापित किया जाए।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सूचीबद्ध सभी पदाधिकारी अपने-अपने मंडल क्षेत्रों में नगर निगम चुनाव से संबंधित समस्त चुनावी, संगठनात्मक एवं प्रबंधन कार्यों की पूर्ण जिम्मेदारी सुनिश्चित करेंगे। किसी भी स्तर पर लापरवाही, ढिलाई या उदासीनता स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में मुख्य रूप से जिला महामंत्री मानस प्रसून, रूपेश सिन्हा, धनेश्वर महतो, शेखर सिंह, पंकज सिन्हा, अजय निषाद, ध्रुव हरि, रमा सिन्हा, राजकिशोर जैना, रवि सिन्हा सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित थे।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

