बोकारो में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 5 हजार रिश्वत लेते बालीडीह थाना का एएसआई गिरफ्तार…

बोकारो में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 5 हजार रिश्वत लेते बालीडीह थाना का एएसआई गिरफ्तार…

जमीन मामले की जांच के नाम पर मांगी थी रिश्वत……..

एसीबी ने बिछाया जाल……………

बोकारो(BOKARO): झारखंड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो यानी एसीबी ने मंगलवार को बोकारो में बड़ी कार्रवाई करते हुए बालीडीह थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक मो. याकूब अंसारी को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस पदाधिकारी पर जमीन विवाद मामले की जांच के नाम पर परिवादी से रिश्वत मांगने का आरोप था। एसीबी को इसकी शिकायत मिलने के बाद मामले का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार परिवादी ने वर्ष 2009 में बोकारो जिले के बालीडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर स्थित खाता नंबर-01, प्लॉट नंबर-641 की 13 डिसमिल जमीन खरीदी थी। जमीन लूट और धमकी से जुड़े मामले में परिवादी ने बालीडीह थाना प्रभारी, अनुमंडल पदाधिकारी चास, पुलिस अधीक्षक बोकारो और उपायुक्त से कार्रवाई की गुहार लगाई थी। इज़के बाद मामले की जांच बालीडीह थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक मो. याकूब अंसारी को सौंपी गई थी।

आरोप है कि जांच के दौरान आरोपी पुलिस पदाधिकारी ने जमीन पर जाकर जांच करने और कार्रवाई करने के एवज में परिवादी से 5 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। परिवादी रिश्वत देकर काम नहीं कराना चाहता था, जिसके बाद उसने एसीबी मुख्यालय रांची में शिकायत दर्ज कराई। एसीबी द्वारा कराए गए सत्यापन में रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद कांड संख्या 04/2026 दर्ज कर धावा दल का गठन किया गया।

एसीबी की टीम ने आज बोकारो के नया मोड़ स्थित एक फल दुकान के सामने जाल बिछाकर आरोपी एएसआई मो. याकूब अंसारी को परिवादी से 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में की गई। फिलहाल एसीबी आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *