पटना(PATNA): पटना के गांधी मैदान में गुरुवार को बिहार की सम्राट चौधरी सरकार का भव्य कैबिनेट विस्तार हुआ, जहां 32 नए मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन ने सभी मंत्रियों को शपथ दिलाई। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार और एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इस कैबिनेट विस्तार की सबसे बड़ी चर्चा रही नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की एंट्री। उनके अलावा श्रवण कुमार, अशोक चौधरी और लेशी सिंह को दोबारा मंत्रिमंडल में जगह मिली। बीजेपी कोटे से रामकृपाल यादव, नीतीश मिश्रा और दिलीप जायसवाल जैसे नेताओं ने शपथ ली, जबकि जेडीयू से रत्नेश सदा, मदन सहनी और शीला कुमारी को मंत्री बनाया गया।
एनडीए के सहयोगी दलों एलजेपी (रामविलास), हम और आरएलएम को भी मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व दिया गया। डॉ. संतोष कुमार सुमन और भगवान सिंह कुशवाहा जैसे नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली।
कैबिनेट विस्तार में क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कोशिश साफ दिखाई दी। श्रेयसी सिंह, मोहम्मद जमा खान और लखेंद्र कुमार रौशन जैसे नए चेहरों को शामिल कर सरकार ने अलग-अलग वर्गों को साधने का प्रयास किया है।
गौरतलब है कि पिछले महीने नीतीश Kumar के राज्यसभा जाने और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सम्राट चौधरी ने बिहार की कमान संभाली थी। मुख्यमंत्री बनने के 22 दिन बाद उनका पहला बड़ा कैबिनेट विस्तार अब राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।
NEWSANP के लिए बिहार से ब्यूरो रिपोर्ट

