धनबाद को जाम से राहत की दिशा में बड़ा कदम, 177 स्ट्रीट वेंडरों को कोहिनूर मैदान वेंडिंग जोन में मिला स्थान…

धनबाद को जाम से राहत की दिशा में बड़ा कदम, 177 स्ट्रीट वेंडरों को कोहिनूर मैदान वेंडिंग जोन में मिला स्थान…

धनबाद(DHANBAD): धनबाद नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ एवं जाममुक्त बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल की गई। रणधीर वर्मा चौक से डीआरएम चौक तक सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले चयनित 177 स्ट्रीट वेंडरों को वार्ड संख्या-27 स्थित कोर्ट मोड़ के कोहिनूर मैदान वेंडिंग जोन में लॉटरी प्रणाली के माध्यम से स्टॉल एवं वेंडिंग प्लेटफॉर्म आवंटित किए गए।

इस अवसर पर नगर निगम द्वारा पारदर्शी प्रक्रिया अपनाते हुए वेंडरों को निर्धारित स्थान उपलब्ध कराया गया, ताकि सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से लगने वाली दुकानों के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात बाधा को कम किया जा सके। निगम प्रशासन का मानना है कि इस पहल से शहर में लगातार लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और आम लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।

मेयर संजीव सिंह ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल अतिक्रमण हटाना नहीं, बल्कि छोटे व्यवसायियों को सम्मानजनक एवं व्यवस्थित रोजगार का वातावरण उपलब्ध कराना है। वेंडिंग जोन में व्यवसायियों के लिए पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे बेहतर माहौल में अपना रोजगार संचालित कर सकें।

नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने कहा कि शहर को स्मार्ट एवं व्यवस्थित बनाने के लिए चरणबद्ध तरीके से वेंडिंग जोन विकसित किए जा रहे हैं। इससे सड़क अतिक्रमण पर नियंत्रण के साथ-साथ स्ट्रीट वेंडरों को स्थायी पहचान और सुरक्षित व्यवसायिक स्थान भी मिलेगा।

कार्यक्रम के दौरान धनबाद नगर निगम के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *