बिहार से अयोध्या जा रही डबल डेकर बस पलटी, 1 की मौत और 30 घायल

बिहार से अयोध्या जा रही डबल डेकर बस पलटी, 1 की मौत और 30 घायल

बिहार के बेतिया से श्रद्धालुओं को अयोध्या राम मंदिर दर्शन के लिए लेकर जा रही डबल डेकर बस लखीमपुर खीरी में हादसे का शिकार हो गई। बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हो गए।

रात करीब 2 बजे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, हादसा मंगलवार रात करीब 2 बजे नेशनल हाईवे-30 पर हुआ। बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आने के कारण बस का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।

हादसे में 50 वर्षीय हरि शंकर लाल यादव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उचौलिया थाना क्षेत्र में एक गुरुद्वारे के पास हुआ।

घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को पसगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल करीब 6 यात्रियों को शाहजहांपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मथुरा में दो बसों की हुई थी टक्कर 

वहीं, दूसरी ओर पिछले महीने मथुरा जिले में दो बसों में टक्कर हो गई थी। नेशनल हाईवे -19 पर उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की एक बस ने हरियाणा रोडवेज की बस को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में 13 से ज्यादा यात्री घायल हो गए थे।

कोसीकलां थाना इलाके के पास हुआ था हादसा

छाता इलाके के पुलिस क्षेत्राधिकारी भूषण वर्मा ने बताया कि यह हादसा कोसीकलां थाना इलाके के कोटवन के पास हुआ था। उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस ने हरियाणा रोडवेज की बस को पीछे से टक्कर मारी थी।

इसके बाद पुलिस, जिला प्रशासन के अधिकारियों और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कर्मचारियों ने बचाव अभियान शुरू किया था। घायल 13 यात्रियों को इलाज के लिए कोसीकलां के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *